Tue. Jul 14th, 2026

बैंकॉक के मशहूर पब में भीषण आग, 27 लोगों की दर्दनाक मौत

थाईलैंड : राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने जश्न के माहौल को मातम में बदल दिया। शहर के चर्चित ‘ना लादप्राओ’ पब में चल रही नाइट पार्टी के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की लपटों और जहरीले धुएं से घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और पब में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुख्य प्रवेश द्वार के पास आग भड़कने के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग पीछे की ओर बने बाथरूम में जाकर छिप गए, लेकिन धुएं से भरे उस हिस्से में उनका दम घुट गया। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में लोग बदहवास हालत में बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि काला धुआं पूरे इलाके में फैलता नजर आ रहा है।

सूचना मिलने के बाद दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था। पब के अंदर का फर्नीचर और पूरा इंटीरियर बुरी तरह जल गया।

थाई प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल अवस्था में अस्पतालों में भर्ती हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, फिर तेज धमाका हुआ और कुछ ही क्षणों में पूरा पब धुएं से भर गया।

अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह पहली बार नहीं है जब थाईलैंड में किसी नाइट क्लब में आग ने इतनी बड़ी त्रासदी को जन्म दिया हो। इससे पहले वर्ष 2022 में एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 2009 में बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *