Tue. Apr 28th, 2026

मोदी कुवैत के सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’से सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को कुवैत के सर्वोच्च सम्मान ‘ द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से सम्मानित किया गया। यह किसी देश द्वारा उन्हें दिया गया 20वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। ‘ द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ कुवैत का एक नाइटहुड ऑर्डर है। यह मित्रता के प्रतीक के रूप में राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी संप्रभुओं और विदेशी शाही परिवारों के सदस्यों को दिया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया ‘ मुझे कुवैत के महामहिम अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल सबा द्वारा मुबारक अल-कबीर ऑर्डर से सम्मानित किए जाने पर सम्मानित महसूस हो रहा है। मैं यह सम्मान भारत के लोगों और भारत और कुवैत के बीच मजबूत मित्रता को समर्पित करता हूं।

इससे पहले बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसे विदेशी नेताओं को यह सम्मान दिया जा चुका है। पिछले महीने, प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘ द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया था।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था . मैं अपने मित्र राष्ट्रपति इरफान अली को गुयाना के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह हमारे संबंधों के प्रति आपकी गहरी प्रतिबद्धता का एक जीवंत प्रमाण है जो हमें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री को डोमिनिका के राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन द्वारा ‘डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर’ से भी सम्मानित किया गया।

मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘डोमिनिका द्वारा सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इसे भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करता हूं।‘प्रधानमंत्री को खाड़ी देश की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान कुवैत में भव्य औपचारिक स्वागत मिला। उन्हें कुवैत के बायन पैलेस में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुवैत के अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल सबाह भी समारोह के दौरान मौजूद थे। बैठक का विवरण विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी एक्स पर साझा किया ‘ऐतिहासिक यात्रा पर विशेष स्वागत! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत के बयान पैलेस पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुवैत के प्रधानमंत्री महामहिम शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। महामहिम अमीर, क्राउन प्रिंस और कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ विस्तृत बातचीत आगे भी जारी रहेगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *