Wed. May 13th, 2026

अदानी को बचाने के लिए मोदी लोकतंत्र का गला घोंट रहे: प्रतिभा सिंह

कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर व्यवसायी गौतम अडाणी को बचाने के लिए लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया और राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराये जाने को एक ‘‘सुनियोजित रणनीति’’ बताया है।

प्रतिभा सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस देश में लोकतंत्र की ‘‘हत्या’’ नहीं होने देगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल की सजा सुनाई है।इसके मद्देनजर उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया था। सिंह ने दावा किया कि भाजपा ने सुनियोजित रणनीति के तहत गांधी को निशाना बनाया क्योंकि वह संसद में अडाणी का मुद्दा उठा रहे थे, और उन्होंने प्रधानमंत्री और अडाणी के बीच संबंधों के बारे में पूछा था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों ने आजादी के बाद से बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम स्थापित किए हैं और दावा किया कि मोदी अब उन्हें ‘अपने मित्रों’ को बेच रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि अडाणी ‘‘घोटाले’’ पर संसद में राहुल गांधी के भाषण के ठीक नौ दिन बाद मानहानि मामले में सुनवाई फिर से शुरू हुई थी। कुछ सप्ताह पहले अमेरिका की वित्तीय शोध कंपनी ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ ने अडाणी समूह पर स्टॉक हेरफेर और लेखांकन धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। कांग्रेस इस मुद्दे की संयुक्त संसदीय समिति द्वारा जांच की मांग कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *