Sat. Jun 13th, 2026

मानसून अलर्ट: अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के आदेश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित आईटी पार्क में उत्तराखण्ड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बारिश और उससे उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आगामी दो महीनों की मानसूनी अवधि को ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन के अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में रहकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के संबंध में मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को हर संभव प्रबंध करने को कहा। उन्होंने भोजन, दवाइयां, बच्चों के लिए दूध और अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अगले 24 घंटे के लिए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है।

मुख्यमंत्री ने आपदा संभावित क्षेत्रों, विशेषकर नदियों और गदेरों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए। निर्माण स्थलों पर भी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट तहसील में बादल फटने की घटना के बाद चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सर्च अभियान तेज करने के निर्देश दिए। इस घटना में 29 मजदूरों में से 20 को सुरक्षित निकाला जा चुका है, दो के शव बरामद हुए हैं जबकि अन्य की तलाश जारी है। इसी तरह रुद्रप्रयाग में हुई वाहन दुर्घटना में लापता लोगों की खोजबीन भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस तैयार करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सितंबर माह तक जिन महिलाओं की डिलीवरी संभावित है, उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रसव पूर्व अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाने पर बल दिया गया।

बारिश के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र खोले जाने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और अन्य उपकरणों की तैनाती, साथ ही नदी-नालों के संभावित मार्ग परिवर्तन वाले क्षेत्रों में चैनलाइजेशन जैसे सुरक्षात्मक उपायों पर भी जोर दिया गया।

इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनंद स्वरूप, राजकुमार नेगी समेत सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *