Tue. Apr 21st, 2026

मानसून सत्र : भारी बारिश और भूस्खलन से सत्र आयोजन में चुनौतियां

देहरादून: गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में 19 से 22 अगस्त तक होने वाले मानसून सत्र में आपदा और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े सवाल मुख्य रूप से छाए रहेंगे। अब तक विधानसभा सचिवालय को पक्ष और विपक्ष के विधायकों से 545 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। प्रदेश में हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदाओं और भूस्खलन से हुए भारी नुकसान को देखते हुए विधायकों ने इनसे संबंधित मुद्दों को प्राथमिकता से सदन में उठाने की तैयारी की है। विपक्ष आपदा, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है, जबकि सत्ता पक्ष भी हर सवाल का मजबूती से जवाब देने के लिए तैयार है।

सत्र भराड़ीसैंण में कराने के फैसले के बाद विधानसभा सचिवालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हालांकि भारी बारिश, भूस्खलन और आपदा की घटनाएं वहां तक पहुंचने में चुनौती पेश कर रही हैं। सत्र में शामिल होने के लिए सरकार, विधायक, अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा बलों को भराड़ीसैंण पहुंचना होगा।

संविधान के अनुसार 22 अगस्त से पहले सत्र आहूत करना अनिवार्य है, क्योंकि पिछला सत्र 22 फरवरी को देहरादून में हुआ था और छह माह के भीतर सत्र होना आवश्यक है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भराड़ीसैंण में सत्र के लिए तैयारी पूरी है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि खराब मौसम और आपदाओं का हवाला देकर भराड़ीसैंण में सत्र न करना स्वीकार नहीं होगा और विपक्ष आपदा प्रभावितों के मुद्दे जोरशोर से उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *