Wed. Apr 22nd, 2026

अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम रवाना हुई मां गंगा की डोली

उत्तरकाशी : जिले के मुखबा गांव से मंगलवार को मां गंगा की भोगमूर्ति विग्रह डोली गंगोत्री धाम के लिए विधिविधान से रवाना हुई। दोपहर 11:57 बजे अभिजीत मुहूर्त में डोली ने ढोल-दमाऊं, सेना के बैंड और जयकारों के साथ छह माह के प्रवास के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मां गंगा को बेटी की तरह कल्यो और फाफरे का भोग लगाकर नम आंखों से विदा किया।

समेश्वर देवता की देवडोली भी मां गंगा की डोली के साथ गंगोत्री धाम तक जाएगी। मां गंगा की यह विग्रह डोली करीब 25 किमी की पैदल यात्रा कर बुधवार को गंगोत्री धाम पहुंचेगी। मंगलवार की रात डोली भैरो घाटी में विश्राम करेगी, जहां भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी।

1 मई, बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सुबह 10:30 बजे विधिपूर्वक गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही मां गंगा की नियमित पूजा-अर्चना छह माह तक धाम में संपन्न होगी।

इधर, गंगोत्री धाम में चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाजार को भव्य रूप से सजाया गया है और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत हर वर्ष अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *