Sat. Aug 22nd, 2026

छठिहार समारोह में पसरा मातम, बेकाबू बस ने भीड़ को रौंदा; 5 की मौत, 5 घायल

पश्चिम चंपारण : बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बसवरिया और पराउटोला के बीच करीब रात 11 बजे तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। घर NH-727 के किनारे स्थित होने के कारण समारोह के दौरान सड़क के पास ही ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जमा थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची। सामने से गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी आ रहा था। इसी बीच बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।हादसे के बाद कुछ देर तक NH-727 पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *