Sat. Jun 13th, 2026

नागपुर: विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री में धमाका , 5 की मौत

नागपुर : शहर के धमना गांव में चामुंडी एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड में एक विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री में जबरदस्त विस्फोट में कम से कम पांच लोगों के मारे जाने और पांच लोगों के घायल होने की खबर है । विस्फोट में मरने वालों मे 4 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस आयुक्त रविंदर सिंघल ने एएनआई को बताया कि हमारी जांच जारी है। हमारी टीम, अपराध शाखा और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट शहर से लगभग 25 किमी दूर हिंगना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत धमना गांव में चामुंडी एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड में हुआ।

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि विस्फोट दोपहर करीब 1 बजे हुआ जब कर्मचारी विस्फोटक पैक कर रहे थे। मजदूरों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया गया है। एनसीपी नेता अनिल देशमुख मौके पर मौजूद हैं। अनिल देशमुख ने बताया कि दोपहर की घटना है, इसमें लगभग 5 कामगारों की मृत्यु हुई है व कई लोग घायल हैं। जब यह घटना हुई तो यहां का मालिक और मैनेजर भाग गया….घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है…. विस्फोटक विभाग की एक टीम यहां है और आगे की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *