Thu. Oct 8th, 2026

नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान से किया जाएगा अंतिम संस्कार

पुणे : दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार गुरुवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले के डोणजे स्थित उनके फार्महाउस परिसर में किया जाएगा। उनके सामाजिक संगठन ‘नाम फाउंडेशन’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गणेश थोराट ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभिनेता का पार्थिव शरीर शाम करीब पांच बजे पुणे लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि मराठी रंगमंच के साथ-साथ मराठी और हिंदी सिनेमा में नाना पाटेकर के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए राज्य सरकार ने उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस सरकार ने अभिनेता के कला क्षेत्र में अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के लिए यह फैसला किया है।

नाना पाटेकर (76) का गुरुवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। जल संरक्षण और सामाजिक कार्यों से जुड़े ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से भी उन्होंने महत्वपूर्ण काम किया था। अभिनेता का फार्महाउस पुणे शहर के बाहरी इलाके डोणजे में स्थित है।नाना पाटेकर का जन्म महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड-जंजीरा में एक मराठी परिवार में हुआ था। अभिनय के क्षेत्र में उन्होंने रंगमंच के साथ मराठी और हिंदी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *