Wed. Apr 22nd, 2026

उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं नई वातानुकूलित टेंपो ट्रैवलर बसें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टेंपो ट्रैवलर) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 10 टेंपो ट्रैवलर वाहन देहरादून-मसूरी मार्ग और 10 वाहन हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर परिचालित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य इन प्रमुख पर्यटक मार्गों पर यातायात जाम की समस्या को कम करना है।

मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक स्वयं टेंपो ट्रैवलर में यात्रा कर इसका अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल सफल रहती है तो भविष्य में इस सेवा का और विस्तार किया जाएगा। वातानुकूलित टेंपो ट्रैवलर राज्य के परिवहन तंत्र को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे राज्य की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर क्षेत्र को बेहतर सड़क नेटवर्क और भरोसेमंद परिवहन सेवाओं से जोड़ा जाए।

वर्तमान में परिवहन विभाग डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों को सुविधा प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम बीते तीन वर्षों से लाभ में है और इसे और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि परिवहन निगम के बस बेड़े में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा और इसके लिए खरीद प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि सरकार ने निगम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिनमें डीए बढ़ोतरी, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और निगम में नई भर्तियों के माध्यम से मानव संसाधन को सशक्त बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर्मचारियों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *