Mon. Apr 20th, 2026

युवा शक्ति से बनेगा नया भारत: मसूरी कार्यक्रम में बोले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

मसूरी : राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर मसूरी रोड स्थित किशनपुर तिराहे पर स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के विचारों के स्मरण और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को नमन करते हुए की गई। राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मोहक नृत्य प्रस्तुत करने वाली छात्राओं चाँदनी, स्मृति, मुस्कान, काजल और रूपा को कृषि मंत्री गणेश जोशी द्वारा प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

मंत्री जोशी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति, आत्मबल, चरित्र निर्माण और सेवा भाव का संदेश पूरी दुनिया को दिया। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, संयम और परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है और यदि युवा वर्ग स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर ले तो देश को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रामकृष्ण आश्रम के अध्यक्ष स्वामी असीमात्मानंद, आचार्य विपिन जोशी, पूनम नौटियाल, सुरेन्द्र राणा, मंजीत रावत, संजय नौटियाल, मोहित अग्रवाल, देवेन्द्र रावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक एवं युवा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *