Mon. Apr 20th, 2026

ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह, 10 से अधिक मौत की मौत

उधमपुर/रामनगर:रामनगर से ऊधमपुर की ओर जा रही एक यात्री बस सोमवार सुबह कघोटे क्षेत्र के पास एक खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और उसमें क्षमता से अधिक यात्री सवार थे, जो हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। बस लगभग 70 से 80 फीट नीचे गिरकर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के समय बस में बड़ी संख्या में लोग सवार थे, जिनमें सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सुबह करीब 9:40 बजे मोड़ काटते वक्त चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और तेजी से बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई में गिरी बस के पलटने से कई यात्री दूर जा गिरे, जिससे गंभीर चोटों के कारण कई लोगों की मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जीएमसी ऊधमपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायल यात्री देस राज के मुताबिक बस काफी तेज गति में चल रही थी और अचानक मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। वहीं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से बात कर हालात की जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि राहत कार्य जारी है और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था भी की जा रही है।

डीएसपी ट्रैफिक पंकज सूदन के अनुसार हादसा बेहद गंभीर है और प्रशासन की टीमें मौके पर लगातार काम कर रही हैं। मृतकों और घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर मृतकों की संख्या 10 से अधिक बताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *