Tue. Apr 21st, 2026

‘स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ’ नारों से गूंजा पलटन बाजार

देहरादून :  पलटन बाजार में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने दुकानों और प्रतिष्ठानों पर स्वदेशी को बढ़ावा देने वाले स्टीकर लगाए और लोगों से देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य है। स्थानीय उत्पादों के प्रयोग से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और शिल्पकारों, छोटे उद्यमियों व स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से दुकानों पर स्वदेशी नाम पटिकाएं लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ताओं में गर्व और विश्वास की भावना बढ़ेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार का भ्रमण कर लोगों को त्योहारों, उपहारों और दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेगा बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी सशक्त बनाएगा।

इस अभियान को जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संघों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों का व्यापक समर्थन मिला। उपस्थित लोगों ने ‘स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ’ के नारे लगाते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और व्यवसायी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *