जहरीली गैस रिसाव : पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लापरवाही से गईं तीन जिंदगियां
मध्यप्रदेश : धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर रात हुए हादसे में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना बगदून थाना क्षेत्र स्थित श्री सागर लूब्रीकेंट ऑयल फैक्ट्री में हुई। अधिकारियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मजदूर रासायनिक टैंक की सफाई कर रहे थे। अचानक जहरीली गैस का रिसाव हुआ और तीनों इसकी चपेट में आ गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि हादसे में सुशील कुमार (30), दीपक (35) और जगदीश (32) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल भेजे गए हैं।
कंपनी के प्रबंधक लोकेश गुप्ता ने बताया कि संयंत्र में काम करने के दौरान अचानक गैस लीक हो गई। इसमें एक मजदूर बेहोश हो गया, और जब उसके दो साथी उसे बचाने पहुंचे तो वे भी इसकी चपेट में आ गए।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र के मजदूरों में दहशत का माहौल है।