Tue. Jun 2nd, 2026

धर्म परिवर्तन के दबाव और दुष्कर्म का आरोप, सेना के जवान को पुलिस ने दबोचा

लखनऊ : राजधानी में एक महिला ने सैन्यकर्मी मंजूर अली पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसे पांच वर्षों तक बंधक बनाकर रखा गया, लगातार दुष्कर्म किया गया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंजूर अली को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से सीतापुर में विवाहित है और मार्च 2021 में अपने मायके सैरपुर आई थी। आरोप है कि उसी दौरान लखीमपुर खीरी के मंहगूखेड़ा निवासी मंजूर अली ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया। इसके बाद वह महिला को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर अपने कब्जे में रखता रहा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाता था।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब मंजूर अली अपनी ड्यूटी पर जाता था, तब वह महिला को अपने भाई कमाल और रिश्तेदार सलमान के पास छोड़ देता था। दोनों पर भी महिला को धमकाकर छिपाकर रखने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता के मुताबिक, हाल ही में उसने एक पड़ोसी की मदद से अपने पिता से संपर्क किया। सूचना मिलने पर उसके पिता बताए गए स्थान पर पहुंचे और उसे अपने साथ वापस सैरपुर स्थित घर ले आए। इसके बाद 30 मई को महिला ने सैरपुर थाने में मंजूर अली, कमाल और सलमान के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज करा लिया है।

एसीपी बख्शी का तालाब विकास पांडेय ने बताया कि आरोपी मंजूर अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों सलमान और कमाल की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *