झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे संदिग्धों पर पुलिस की सख्त नजर

बरेली : बरेली जिला प्रशासन ने आंतरिक सुरक्षा के मद्देनजर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 45 रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान की है। इनमें सबसे अधिक 11 लोग भोजीपुरा थाना क्षेत्र से सामने आए हैं। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के पहले दो दिनों में पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
775 लोगों की जांच, 45 संदिग्ध मिले
एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को जिले के सभी थानों में 83 स्थानों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया। इसमें कुल 775 व्यक्तियों की कुंडली खंगाली गई, जिनमें 45 लोग संदिग्ध पाए गए। इन सभी के दस्तावेजों की नागरिकता की जांच की जा रही है।
किन क्षेत्रों में कितने घुसपैठिए मिले?
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मिले संदिग्धों का विवरण इस प्रकार है:
-
भोजीपुरा: 11
-
शीशगढ़: 8
-
भमोरा: 5
-
शाही: 5
-
देवरनिया और शेरगढ़: 4-4
-
बहेड़ी: 3
-
फरीदपुर: 2
-
विशारतगंज: 1
इनमें से अधिकांश लोग झुग्गी-झोपड़ियों, डेरे और सड़क किनारे अस्थायी ठिकानों में रह रहे थे।
हर थाने में बनी विशेष टीमें
एसएसपी ने जिले के हर थाने में एक विशेष टीम गठित की है। प्रत्येक टीम में एक दरोगा, एक मुख्य आरक्षी, दो आरक्षी और दो महिला आरक्षी शामिल हैं। ये टीमें सुबह 8 से 11 और रात 8 से 11 बजे तक क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध प्रवासियों की जानकारी जुटा रही हैं। साथ ही स्थानीय खुफिया इकाइयों को भी साथ रखा जा रहा है।
सत्यापन और रिपोर्टिंग की कड़ी व्यवस्था
हर व्यक्ति का सत्यापन निर्धारित प्रारूप में किया जा रहा है और रिपोर्ट 11 जून तक एसएसपी कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी।
जांच के दौरान खासतौर पर सड़क, रेलवे लाइन, नदी किनारे और खुले क्षेत्रों में रह रहे लोगों पर नजर रखी जा रही है।
अनधिकृत नागरिकों को नहीं मिलेगी सरकारी सुविधा
एसएसपी आर्य ने बताया कि यदि किसी के दस्तावेज अवैध पाए जाते हैं, तो उसके प्रमाणपत्र निरस्त किए जाएंगे और उसे मिल रही सरकारी सुविधाएं तुरंत बंद कर दी जाएंगी। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
आंतरिक सुरक्षा के लिए अभियान जरूरी: एसएसपी
एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा और जिले की आंतरिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही है। प्रशासन की इस सख्ती से संदिग्ध और अवैध रूप से रह रहे नागरिकों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय लोग अभियान की सराहना कर रहे हैं।