Thu. Sep 3rd, 2026

उत्तराखंड में बढ़ा कोरोना का खतरा, छह मरीज एक्टिव

देहरादून : उत्तराखंड में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। बुधवार को प्रदेश में कोविड-19 के पांच नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें से छह मरीज अभी एक्टिव हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

बुधवार को कुल 19 लोगों की आरटी-पीसीआर जांच की गई थी, जिनमें से पांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमितों में दो ऋषिकेश स्थित एम्स के डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स, और तीन अन्य मरीज शामिल हैं, जो हाल ही में हैदराबाद, बेंगलुरु और बिजनौर की यात्रा कर लौटे थे। इनमें से दो मरीज प्रदेश के निवासी हैं, जबकि तीन बाहरी राज्यों से लौटे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक मरीज को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य पांच मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज कर रहे हैं।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक चिकित्सा इकाइयों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने लोगों से मास्क पहनने, भीड़-भाड़ से बचने और हाथों की नियमित सफाई जैसे जरूरी एहतियाती उपाय अपनाने की अपील की है। संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए प्रदेश में कोविड निगरानी को फिर से सक्रिय किया जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस का नया रूप अपेक्षाकृत कम घातक हो सकता है, लेकिन इसके प्रसार को रोकना अब भी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर वे तुरंत परीक्षण करवाएं और आइसोलेशन का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *