विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज,EVM जांच और अधिकारियों का प्रशिक्षण अगले महीने
देहरादून : प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियों को गति दे दी है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के साथ-साथ चुनावी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम भी शुरू हो गया है। निर्वाचन विभाग ने ईवीएम प्रबंधन, अधिकारियों के प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है।
चुनाव के लिए राज्य में पहले से उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के अलावा अतिरिक्त मशीनों की व्यवस्था भी कर ली गई है। इसी क्रम में बिहार से 2,500 बैलेट यूनिट, 6,000 वीवीपैट और 12,500 कंट्रोल यूनिट प्रदेश पहुंच चुकी हैं, जिन्हें संबंधित जिलों में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
वर्तमान में प्रदेश के पास 27,700 बैलेट यूनिट, 36,553 कंट्रोल यूनिट और 25,697 वीवीपैट उपलब्ध हैं। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सितंबर और अक्टूबर के दौरान सभी ईवीएम की प्रथम स्तर (एफएलसी) जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान तकनीकी रूप से खराब पाई जाने वाली मशीनों को चुनाव प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा, जबकि पूरी तरह सही मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।
इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों के प्रशिक्षण की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। अगले महीने जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में चुनाव संचालन, ईवीएम प्रबंधन, मतगणना और निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
निर्वाचन विभाग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। वहीं, मतदाता जागरूकता बढ़ाने और मतदान प्रतिशत में वृद्धि के उद्देश्य से जिलावार व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी (एसवीईईपी) अभियान की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार चुनावी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप आगे बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में पावर पैक, सील, टैग तथा अन्य चुनावी सामग्री की खरीद प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, ताकि चुनाव की घोषणा होते ही सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें।