पंतनगर छात्रावास के भोजन पर उठे सवाल, एक साथ 150 छात्र हुए बीमार
पंतनगर / देहरादून : स्थित छात्रावास में परोसे गए विशेष भोजन के बाद बड़ी संख्या में छात्र अचानक बीमार पड़ गए। बुधवार रात भोजन करने के कुछ समय बाद करीब 150 छात्रों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। सभी प्रभावित छात्रों को तत्काल विश्वविद्यालय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश को वापस छात्रावास भेज दिया गया। वहीं दो छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के छात्र जिस छात्रावास में रहते हैं, वहां विशेष डाइट के तहत शाकाहारी छात्रों को पनीर और अन्य व्यंजन, जबकि मांसाहारी छात्रों को चिकन सहित भोजन परोसा गया था। भोजन करने के करीब एक से डेढ़ घंटे बाद बड़ी संख्या में छात्रों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति की सूचना मिलते ही छात्रावास प्रशासन, वार्डन और विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे।
छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालय की एंबुलेंसों के साथ बसों की भी व्यवस्था करनी पड़ी। रातभर छात्रों को अस्पताल ले जाने और उपचार के बाद वापस छात्रावास पहुंचाने का क्रम चलता रहा। चिकित्सकों ने प्रभावित छात्रों को आवश्यक दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया, जिससे अधिकांश की हालत में सुधार हो गया।
कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि मेस में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें उठ चुकी हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भोजन में गड़बड़ी की घटनाएं सामने आने के बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल मामले की जांच की मांग उठ रही है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। घटना ऐसे समय हुई है जब छात्रों की अंतिम परीक्षाएं चल रही हैं, जिससे कई विद्यार्थियों की परीक्षा प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।