Sun. Apr 19th, 2026

किसानों की फसल क्षति पर त्वरित मुआवजा प्रक्रिया होगी शुरू: धामी

देहरादून : प्रदेश में भारी बारिश और आपदा से बने संकट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सबसे पहले हरिद्वार जिले के लक्सर के प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री ट्रैक्टर से जलमग्न गांवों तक पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने मौके पर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा, आवास, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लक्सर क्षेत्र के गांवों में जलभराव, टूटी सड़कों, क्षतिग्रस्त पुलों और जलमग्न घरों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में पर्याप्त भोजन, पानी, दवाइयां और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिन परिवारों को स्थानांतरित करना आवश्यक है, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। किसानों की फसल क्षति का तुरंत आंकलन कर मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए और स्वास्थ्य शिविर लगाकर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में हर नागरिक के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को यथासंभव मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री धामी के इस दौरे से स्थानीय जनता में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों ने संकट की घड़ी में सरकार की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

इस दौरान विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार सहित प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *