Tue. May 26th, 2026

सुनारिया जेल से बाहर आएगा राम रहीम, सिरसा डेरा में रहेगा 30 दिन

रोहतक : सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर बड़ी राहत मिली है। अधिकारियों के अनुसार, राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मंजूर की गई है। डेरा के प्रवक्ता और अधिवक्ता जितेंद्र खुराना ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पैरोल अवधि के दौरान राम रहीम हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में रहेगा।

साल 2017 से जेल में बंद राम रहीम अपनी दो महिला शिष्याओं के यौन शोषण और बलात्कार मामले में 20 साल की सजा काट रहा है। फिलहाल वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। इससे पहले भी उसे कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। इसी साल जनवरी 2026 में भी उसे 40 दिन की पैरोल दी गई थी।

राम रहीम के सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सिरसा और आसपास के इलाकों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। डेरा समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की आशंका के चलते कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

डेरा प्रमुख को बार-बार पैरोल और फरलो दिए जाने को लेकर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने कई बार सवाल उठाए हैं। आलोचकों का आरोप है कि हरियाणा सरकार राम रहीम को जरूरत से ज्यादा रियायतें दे रही है। हालांकि, डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं।

साल 2020 से अब तक राम रहीम को कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। अक्टूबर 2020 और मई 2021 में उसे एक-एक दिन की पैरोल दी गई थी। फरवरी 2022 में 21 दिन की फरलो, जून 2022 में 30 दिन की पैरोल और अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद जनवरी 2023 में 40 दिन, जुलाई 2023 में 30 दिन की पैरोल तथा नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो दी गई। जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल, अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो और अक्टूबर 2024 में 20 दिन की पैरोल मिली। वहीं जनवरी 2025 में 30 दिन की पैरोल, अप्रैल 2025 में 21 दिन की फरलो, अगस्त 2025 में 40 दिन की पैरोल, जनवरी 2026 में 40 दिन की पैरोल और अब मई 2026 में 30 दिन की पैरोल मंजूर की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *