Thu. Apr 30th, 2026

रस्सी के सहारे तीसरे फ्लोर में पहुंचकर ज्वेलरी शॉप से उड़ाये लाखों के जेवरात

देहरादून: राजधानी के विकासनगर स्थित सेलाकुई थाना क्षेत्र में पुलिस पिकेट के पास एक ज्वेलरी शॉप से चोर लाखों के जेवरात उड़ा ले गए। सुबह दुकान में फोन का चार्जर लेने गए दुकान मालिक ने जब देखा तो घटना की सूचना पर पुलिस को दी। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 9ः40 पर सेलाकुई चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स के संचालक मयंक सिंधी अपने फोन का चार्जर लेने के लिए अपनी ज्वेलरी शॉप में पहुंचे। उन्होंने दुकान के बाहर तीसरे फ्लोर तक एक रस्सी लटक देखी ।

जब उन्होंने दुकान का शटर खोला तो अंदर सारा सामान और दीवार का मलबा बिखरा पड़ा था। तिजोरियों में बड़े छेद हो रखे थे। वहीं दुकान में रखी सोने-चांदी की लाखों की ज्वेलरी गायब थी। दुकान के मालिक की सूचना पर सेलाकुई थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पर पुलिस को एक बड़ा, एक छोटा सिलिंडर, गैस कटर, सबल और हथौड़ा मिला है। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश सबसे पहले तीसरी फ्लोर की सेक्शन विंडो का शीशा तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

उसके बाद एक के बाद एक तीन दरवाजे काटकर नीचे दुकान तक पहुंचे। चोरों ने दुकान का पीछे का हिस्सा और रेस्ट रूम सब्बल और हथौड़े से तोड़ा। दुकान की तिजोरियों में गैस कटर से छेद कर ज्वेलरी निकाली। चोरों ने डिस्प्ले काउंटर में रखी ज्वेलरी भी निकाल ली। उन्होंने बताया कि चोरों ने पहले ही सीसीटीवी कैमरा की तार काट दी थी और जाते समय डीवीआर भी लेकर चले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर दी है। बताया कि जल्दी आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *