Thu. May 14th, 2026

चारधाम यात्रा में रोज टूट रहे रिकॉर्ड, एक दिन में 80 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। बुधवार को अकेले एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन किए। यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, खासकर केदारनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

केदारनाथ धाम में 22 दिनों के भीतर ही 5.23 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यात्रा मार्ग पर मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है, जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहराव और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

सरकार की ओर से चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए भीड़ नियंत्रण और स्लॉट प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए यात्रियों की गतिविधियों और धामों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि इससे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों और अव्यवस्था से काफी राहत मिली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम का स्वरूप पहले से अधिक दिव्य और भव्य दिखाई दे रहा है। वहीं पैदल यात्रा मार्ग को बेहतर और सुरक्षित बनाए जाने से यात्रियों की राह पहले की तुलना में अधिक आसान हुई है। सरकार ने मौसम पर निगरानी रखने के लिए विशेष तंत्र भी सक्रिय किया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *