Sun. Apr 19th, 2026

13 डायटों में प्रवक्ता के 221 पदों पर भर्ती प्रक्रिया होगी तेज

देहरादून : राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) की नियमावली अब तक तैयार न होने पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा सचिव को निर्देश दिए कि नियमावली बनाने में आ रही अड़चनों को तत्काल दूर किया जाए और इसके लिए कार्मिक विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए। मंत्री ने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में एक माह के भीतर नियमावली तैयार कर कैबिनेट में प्रस्तुत की जानी चाहिए।

विधानसभा स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. रावत ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि विगत चार वर्षों से नियमावली तैयार न होना लापरवाही की पराकाष्ठा है। उन्होंने एससीईआरटी और डायटों में लंबे समय से खाली पड़े अकादमिक व पैराअकादमिक पदों को लेकर भी चिंता जताई और शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को सभी 13 डायटों में प्रवक्ता के रिक्त 221 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग को भेजने को कहा। साथ ही आयोग से चयनित अभ्यर्थियों की उपलब्धता तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालयों में तैनात उन प्रवक्ताओं को डायटों में अटैच करने को कहा, जिनके विषयों में छात्र संख्या शून्य है, ताकि प्रशिक्षण कार्य प्रभावित न हो। वर्तमान में सभी डायटों में वरिष्ठ प्रवक्ता के 69 और प्रवक्ता के 53 पद रिक्त हैं, जबकि शेष स्वीकृत पदों पर विभागीय प्रवक्ताओं की पदस्थापना की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *