Sat. Apr 18th, 2026

यमुना नदी में बनी अस्थायी झील को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित जल निकासी के निर्देश

स्यानाचट्टी(उत्तरकाशी)/देहरादून : उत्तरकाशी जनपद के स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। यमुना नदी में गडगाड गदेरे से मलबा आने के कारण बनी अस्थायी झील का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने नदी मार्ग में जमा गाद हटाने और झील के मुहाने को चौड़ा कर त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्थानीय लोगों को हुए नुकसान का तत्काल आंकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आलू की फसल की उचित मूल्य पर खरीद की व्यवस्था करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कुपड़ा कुंशाला पुल का भी निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था नामित कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। जब तक पुल तैयार नहीं होता, तब तक वैकल्पिक पैदल मार्ग को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जगह-जगह भूस्खलन से बाधित आवाजाही को शीघ्र बहाल किया जाए और यमुनोत्री मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू किया जाए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी एवं जनक सिंह पंवार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *