Mon. Apr 20th, 2026

काला गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का कायाकल्प करेगी रिलेक्सो

देहरादून : सहस्त्रधारा रोड स्थित काला गांव में रिलेक्सो द्वारा परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय के जीर्णोद्धार कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन ने कहा कि स्कूल और अस्पताल सबसे बेहतर इन्वेस्टमेंट हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य ही देश को मजबूत बनाने की बुनियाद है। रमन ने रिलेक्सो की इस पहल की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि हरिद्वार की तरह देहरादून में भी यह प्रयास सफल होगा और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण माहौल मिलेगा।

रिलेक्सो सीएसआर हेड गंभीर अग्रवाल ने बताया कि छह महीने के भीतर स्कूल का कायाकल्प हो जाएगा और इसके साथ ही देहरादून जिले के अन्य विद्यालयों में भी कार्य करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी इससे पहले हरिद्वार जिले के 114 विद्यालयों के जीर्णोद्धार का काम कर चुकी है। कार्यक्रम में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन के हाथों एजुकेशन किट वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत हरिद्वार और देहरादून के लगभग 11 हजार बच्चों को किट दी जाएंगी।

मंच संचालन करते हुए स्टेट नोडल ऑफिसर एनजीओ एवं स्टाफ ऑफिसर डॉ. बीपी मैंदोली ने कहा कि रिलेक्सो की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गबरियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक प्रेमलाल भारती, राज्य समन्वयक समग्र शिक्षा वीसी थपलियाल, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़, प्रधानाचार्य अंजली सेठी और विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष उर्मिला काला सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *