माउंट किलिमंजारो फतह कर CM धामी से मिले रियांश और प्रिशा
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज उत्तराखंड के नन्हें पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की। दोनों बच्चों ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने दोनों पर्वतारोहियों से मुलाकात कर उनकी इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के साहस और हौसले की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना असाधारण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रियांश पंत और प्रिशा रावत ने अपनी मेहनत, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और साहस के बल पर यह सफलता हासिल की है। विषम परिस्थितियों और कठिन चुनौतियों के बीच पर्वतारोहण को सफलतापूर्वक पूरा करना उनके मजबूत इरादों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दोनों बच्चों की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और उत्तराखंड को गर्व हुआ है, बल्कि प्रदेश के हर बच्चे और युवा को प्रेरणा मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान देवभूमि के साथ-साथ वीरों और पर्वतारोहियों की भूमि के रूप में भी है। यहां के युवाओं ने देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दिया है। रियांश और प्रिशा की उपलब्धि इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने वाली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों बच्चे भविष्य में भी इसी तरह नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और अन्य बच्चों एवं युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे।