Fri. Apr 24th, 2026

सड़क हादसा, खाई में गिरी गाड़ी10 में से 8 लोगों ने गंवाई जान

टिहरी: चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर नैल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। जानकारी के अनुसार एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल दस लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद राहत टीमों ने काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंच बनाई और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे। ये सभी लोग हरिद्वार में किसी परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नैल के पास यह हादसा हो गया। अचानक हुई इस दुर्घटना से गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग बेहद संकरा और घुमावदार है, जहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक का संतुलन बिगड़ने या सड़क की स्थिति खराब होने के चलते यह दुर्घटना हुई होगी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए गए हैं। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित यातायात और सड़क सुधार की आवश्यकता को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *