Tue. Apr 21st, 2026

सतपाल महाराज ने पाबो-झंगबो सड़क की कनेक्टिविटी बहाल करने के दिए निर्देश

देहरादून : प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पाबो-झंगबो-गढीगांव-पिनानी सड़क की कनेक्टिविटी शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त करने के आदेश दिए।

मंत्री महाराज ने बताया कि भारी बरसात के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जनपद पौड़ी के चौबट्टाखाल क्षेत्र में पाबो-झंगबो-गढीगांव-पिनानी सड़क के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही मशीनों को मौके पर भेज दिया गया है और सड़क को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव की व्यस्तता के कारण वे फिलहाल क्षेत्र का दौरा नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन जल्द ही वहां जाकर स्थिति का जायजा लेंगे।

महाराज ने जानकारी दी कि सोमवार को प्रदेश में 02 राष्ट्रीय राजमार्ग, 20 राज्य मार्ग, 09 मुख्य जिला मार्ग, 06 अन्य जिला मार्ग और 58 ग्रामीण मार्ग सहित कुल 96 मार्ग अवरुद्ध हैं। इन्हें खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है। उन्होंने बताया कि 514 मशीनें विभिन्न महत्वपूर्ण और मार्ग बंद होने की संभावित जगहों पर तैनात की गई हैं और सभी प्रभावित क्षेत्रों में अधिशासी अभियंताओं को अवरुद्ध मार्गों को प्राथमिकता से खोलने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *