Sat. Jan 17th, 2026

सतपाल महाराज का जीवन सेवा और परोपकार की प्रेरणा: धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में आयोजित समारोह में भाग लिया, जहां उन्होंने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने महाराज के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को नवरात्रि पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि यह पर्व शक्ति की उपासना का प्रतीक है, जो समाज में नई ऊर्जा, भक्ति और सेवा भावना का संचार करता है।

उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन से यह स्पष्ट होता है कि सतपाल महाराज के प्रति जनता के मन में गहरा सम्मान और स्नेह है। समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और लोककल्याण के क्षेत्र में उनके कार्यों ने जनमानस पर गहरी छाप छोड़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सतपाल महाराज ने राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और उत्तराखण्ड राज्य निर्माण जैसे आंदोलनों में भी अहम योगदान दिया है। उनका जीवन सेवा, त्याग और परोपकार की प्रेरणा देता है। मानव सेवा एवं उत्थान समिति के माध्यम से वे देशभर में सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में सतपाल महाराज ने पर्यटन, संस्कृति और तीर्थाटन के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। चारधाम यात्रा, मानसखंड कॉरिडोर और अन्य तीर्थ स्थलों के पुनरुत्थान में उनकी अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से उत्तराखण्ड को बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन और राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि उन्होंने सतपाल महाराज के जीवन और कार्यों को निकट से देखा है। वे एक ऐसे कर्मयोगी हैं, जो आध्यात्मिकता और राष्ट्र सेवा दोनों का व्रत निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक सेवा की गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *