Sun. Apr 19th, 2026

प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, शव ट्यूबवेल हौज में फेंका

कासगंज :  जिले के भरगैन कस्बे में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मृतक की पहचान रतीराम नट (50) के रूप में हुई है, जो जिला फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र के उलियापुर गांव का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी रीना और बच्चों के साथ मजदूरी के लिए भरगैन आया हुआ था।

रीना और भरगैन निवासी हनीफ के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया गया कि 17 जून की रात को रीना और हनीफ ने रतीराम की हत्या कर दी और शव को कस्बे के पास खेत में स्थित एक ट्यूबवेल के हौज में फेंक दिया। हत्या के बाद रीना अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई, जबकि अपने छह बच्चों को बेसहारा छोड़ गई। मृतक की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि शेष छह बच्चे मौके पर अकेले मिले।

बच्चों को रोते-बिलखते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। 21 जून को कस्बे में दुर्गंध फैलने के बाद जब लोगों ने ट्यूबवेल के हौज में देखा तो शव उतराता मिला। शव कई दिन पुराना था और उसमें कीड़े तक पड़ चुके थे।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एएसपी राजेश भारती, सीओ संतोष कुमार सहित फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने मृतक के भाई अरविंद की तहरीर पर रीना और हनीफ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। रीना के बच्चों को ननिहाल पक्ष को सौंपा गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के तरीके की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

यह वारदात मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड की तरह सुनियोजित मानी जा रही है, जिसमें प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या की गई और लाश को छुपाने की कोशिश की गई। पुलिस का मानना है कि रीना की गिरफ्तारी के बाद कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *