Mon. Apr 20th, 2026

शिया धर्मगुरु का दावा: अवैध निर्माण का मुआयना करने गए थे, हुआ जानलेवा हमला

लखनऊ : ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के अब्बासबाग कर्बला में सोमवार को शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद पर हमला हो गया। मौलाना वक्फ की जमीन पर अवैध निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी कथित अतिक्रमणकारियों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। इस घटना में मौलाना को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौलाना अपने समर्थकों के साथ मौके पर ही धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया।

पुलिस के अनुसार यह मामला दो पक्षों के विवाद से जुड़ा है। ठाकुरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि मौलाना की ओर से एक तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने धरने पर बैठे मौलाना की मौजूदगी की पुष्टि की और देर रात बताया कि धरना समाप्त हो गया है।

मौलाना के सहयोगी सारिम मेहंदी ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि अब्बासबाग कर्बला की जमीन पर अवैध निर्माण हुआ है और जब मौलाना इस संबंध में मौके पर पहुंचे तो अवैध कब्जाधारियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे हमले को रोका नहीं जा सका।

धरने के दौरान मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि वे केवल अतिक्रमण की स्थिति देखने पहुंचे थे, लेकिन माफिया तत्वों ने जानलेवा हमला किया और माहौल को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। मौलाना ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले भी इन्हीं लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस इस बार भी कार्रवाई नहीं करती, तो वे स्वयं गिरफ्तारी देंगे। मौलाना ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं और उम्मीद है कि अब्बासबाग कर्बला की जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *