Sun. Apr 19th, 2026

भद्रकाली के पास चलती बस में धुआं उठा, पुलिस ने समय रहते यात्रियों को बचाया

ऋषिकेश / देहरादून:  में उस समय बड़ा हादसा टल गया जब चारधाम यात्रा कर बदरीनाथ से लौट रही तीर्थयात्रियों की एक बस में अचानक आग लग गई। घटना बुधवार रात लगभग 8:05 बजे की है, जब तीर्थयात्रियों से भरी बस भद्रकाली क्षेत्र से गुजर रही थी। आग लगने की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए यातायात पुलिस के जवानों ने तुरंत बस को रुकवाया, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। इस साहसिक और त्वरित कार्रवाई से 42 यात्रियों की जान बच सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस एक निजी ट्रैवल कंपनी की थी जिसका नंबर यूके07पीए 7650 है। बस बदरीनाथ धाम से तीर्थयात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर लौट रही थी। जैसे ही बस भद्रकाली से ढालवाला की ओर मुड़ी, वैसे ही उसके बाएं आगे के पहिए के ऊपर स्थित इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया। उस समय भद्रकाली हर्बल गार्डन के पास यातायात पुलिस के जवान मुस्तैदी से तैनात थे। धुआं देखकर पुलिसकर्मियों ने तुरंत शोर मचाकर बस चालक को इसकी सूचना दी।

बस चालक ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बस को हर्बल गार्डन के पास सड़क किनारे रोका। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बस के भीतर मौजूद सभी तीर्थयात्रियों को बाहर निकाला। उस वक्त बस में कुल 42 यात्री सवार थे, जो बद्रीनाथ यात्रा करके लौट रहे थे। बस में लगे अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से पुलिसकर्मियों ने बस के इंजन में लगी आग को बुझा दिया। यदि थोड़ी भी देर होती तो यह आग बस में फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही भद्रकाली चौकी से अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहन से ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पहुंचाया गया, जहां से उन्हें आगे गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। यात्रियों को भोजन व विश्राम की भी व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई।

यातायात निरीक्षक मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल, उमादत्त सेमवाल ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टालने में सफलता मिली। पुलिस की तत्परता, चालक की सतर्कता और स्थानीय समन्वय ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सभी वाहन चालकों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से अपने वाहनों की तकनीकी जांच कराएं और फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति सुनिश्चित करें।

यह घटना चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सतर्कता के महत्व को रेखांकित करती है। पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ और कार्य कुशलता से यह हादसा टल गया, जिससे सभी यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। मौके की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा संबंधित बस ऑपरेटर से पूरे मामले की जांच रिपोर्ट मांगी जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *