Fri. May 29th, 2026

बर्फबारी से ठिठुरे श्रद्धालु, बारिश और तूफान से कई इलाकों में संकट

चमोली / देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। एक तरफ पवित्र हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है, तो दूसरी ओर भारी बारिश और तेज तूफान ने राज्य के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खराब मौसम के बावजूद हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा पर पहुंच रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य जिलों के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार तीन जून तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

लैंसडौन क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण कई पेड़ टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही। चेलुसैंण देवीखेत मोटरमार्ग भारी बारिश के चलते बंद हो गया है। कोटद्वार और भाबर क्षेत्र के करीब 70 गांवों में रातभर चले तूफान और आंधी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बिजली गुल होने से शुक्रवार सुबह पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।

रुड़की क्षेत्र में भी बृहस्पतिवार देर रात चली तेज आंधी ने आम उत्पादकों और बाग स्वामियों को बड़ा नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते बड़ी संख्या में कच्चे और पके आम पेड़ों से टूटकर जमीन पर गिर गए। कई जगहों पर आम के पेड़ों की डालियां भी टूट गईं। शुक्रवार सुबह जब बाग स्वामी अपने बागों में पहुंचे तो जमीन पर बिखरे आम देखकर उनके चेहरों पर मायूसी साफ नजर आई।

बाग स्वामी सोएब अंसारी, असगर, शौकीन और तनवीर समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस बार आम की फसल अच्छी होने की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए तूफान ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। बड़ी मात्रा में आम झड़ने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा। वहीं बाग ठेके पर लेने वाले ठेकेदार भी नुकसान से चिंतित दिखाई दिए। कुड़ियाल थानो क्षेत्र में तूफान के कारण एक गोशाला की छत उड़ गई और उसकी दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *