Sun. Apr 19th, 2026

उत्तराखंड में ओलंपिक दिवस पर विशेष कार्यक्रम, युवाओं को मिलेगा मंच

देहरादून : इस वर्ष 23 जून को मनाए जाने वाले विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में भव्य खेल आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को आयोजन की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि युवाओं को ओलंपिक खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रदेशभर में बड़े स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने खेल विभाग और उत्तरांचल ओलंपिक संघ को मिलकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को कहा। मंत्री ने निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर जिला और राज्य स्तर पर कराई जाने वाली खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की जाए।

रेखा आर्या ने यह भी कहा कि प्रदेश के हर जनपद में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं और साथ ही एक राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम भी रखा जाए। उन्होंने विभाग को इस आयोजन का विस्तृत प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया ताकि आम जनमानस की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में खेल निदेशक प्रशांत आर्य, उपनिदेशक शक्ति सिंह, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगई, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, सीईओ चेतन गुरुंग, महेश जोशी, गुरुचरण सिंह, प्रमोद चौधरी, सुरेश कुमार समेत कई अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि ओलंपिक मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता भी फैलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *