एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार, पांच घायल, तीन की मौत
आगरा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार के आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा जाने के कारण हुए इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर के पिछले हिस्से में पूरी तरह घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग बिहार से राजस्थान लौट रहे थे। कार को राजस्थान के चूरू निवासी सोहेब पुत्र सलीम चला रहा था। वाहन में परमिला (31), पूजा कुमारी (32), राजू (35), अयांश (6) समेत कुल आठ लोग सवार थे। रविवार रात करीब दो बजे जब उनकी कार थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सामने चल रहे कंटेनर में पीछे से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कंटेनर के भीतर तक घुस गई। हादसे के बाद भी कंटेनर चालक वाहन नहीं रोक पाया और लगभग 50 मीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। जब उसे दुर्घटना की जानकारी हुई तो वह कंटेनर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार लोग अंदर बुरी तरह फंस गए थे। घायलों को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और बचाव दल ने सभी लोगों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में परमिला, राजू, कार चालक सोहेब, पूजा कुमारी और छह वर्षीय अयांश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। दूसरी ओर पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।