Sun. Oct 18th, 2026

नाले में गिरा सेंट जूड स्कूल का कर्मचारी, रेस्क्यू के दौरान मिला शव

देहरादून : माजरा इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक सड़क किनारे बने नाले में गिर गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान अमित सेमवाल पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी माजरा, पटेलनगर के रूप में हुई है। वह सेंट जूड स्कूल की कैंटीन में कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार अमित शुक्रवार शाम अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद पैदल घर के लिए निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित थे। इसी बीच रात करीब 12:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में एक युवक पड़ा हुआ है।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने युवक को नाले से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि रास्ते में चलते समय वह नाले में गिर गया, जिससे उसकी डूबने या तेज बहाव की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *