Fri. Oct 2nd, 2026

चालक को नींद लगी, बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्राला से टकराई; तीन की मौत

अयोध्या : बृहस्पतिवार भोर लगभग पांच बजे प्रयागराज हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा के पास श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राला से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज निवासी चित्रसेन पटेल अपने परिवार के दस सदस्यों के साथ रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे थे। बुधवार को यात्रा शुरू करने के बाद सभी बृहस्पतिवार की भोर में कल्याण भदरसा के पास पहुंचे। तभी बोलेरो चालक को अचानक नींद आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर ट्राला में जा भिड़ा।

हादसे में चित्रसेन की बेटी अंकिता पटेल, महेंद्र मणि पटेल की पत्नी मीराबाई और चालक राम यश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में चित्रसेन, उनकी पत्नी चंद्रकला, बेटा तनुज, दीपक कुमार पटेल, कुसुम पटेल, आशीष पटेल, पाँच वर्षीय शिवांश पटेल और उसकी मां शशि पटेल शामिल हैं।

पूराकलंदर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को तीन एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा, जहां सभी का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *