भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी, लाखों शिवभक्तों ने भरा गंगाजल
हरिद्वार: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा का शुभारंभ गुरुवार से हो गया। सुबह होते ही हरिद्वार की हर की पैड़ी और गंगा घाटों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कंधों पर सजी रंग-बिरंगी कांवड़, भगवा वस्त्र और हाथों में गंगाजल लिए श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से धर्मनगरी गूंज उठी।
गंगा स्नान और गंगाजल भरने के बाद शिवभक्त भगवान शिव का स्मरण करते हुए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। अटूट आस्था और उत्साह से भरी यह यात्रा अब अगले कई दिनों तक देश के विभिन्न राज्यों की ओर बढ़ती रहेगी।
कांवड़ यात्रा 11 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। हालांकि यात्रा के औपचारिक शुभारंभ से पहले भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल भरकर लौट रहे थे, लेकिन प्रशासनिक तौर पर यात्रा की शुरुआत गुरुवार से मानी जा रही है।