Sun. Apr 19th, 2026

“आप” की पुरानी कार्यकारिणी भंग, जल्द बनेगी नई टीम

देहरादून : आम आदमी पार्टी का जिला संवाद कार्यक्रम उत्तरांचल प्रेस क्लब में संपन्न हुआ, जिसमें देहरादून जिले के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव और सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जबकि मंच संचालन रविंद्र आनंद ने किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब तीसरे विकल्प की तलाश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस ने बारी-बारी से जनता को ठगा है और अब लोग दोनों दलों से त्रस्त हो चुके हैं।

महेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया और अनुशासन तोड़ने वालों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जी-तोड़ मेहनत करने और जन मुद्दों पर काम करने का आह्वान किया। यादव ने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी का भविष्य उज्ज्वल है, लेकिन इसके लिए सभी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जुटना होगा।

सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह है, जहां विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सभी को मिलकर एकजुटता दिखानी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे, तो 2027 के चुनाव में आम आदमी पार्टी शानदार प्रदर्शन कर सकती है।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. कलेर, रविंद्र आनंद, विशाल चौधरी, जितेंद्र पंत, जसबीर सिंह, हिमांशु पुंडीर, सुधीर पंत, नासिर खान, मुकुल बिरला और राजीव तोमर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *