Sun. Apr 19th, 2026

‘सबका साथ’ से ‘सिद्धि’ तक की कहानी, मुख्यमंत्री ने साझा किए 11 वर्षों के अनुभव

देहरादून : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज “मोदी सरकार के 11 वर्ष – संकल्प से सिद्धि तक” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों को भारत के लिए “परिवर्तनकारी कालखंड” बताते हुए कहा कि यह दौर देश के आत्मगौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना के पुनर्जागरण का युग रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रारंभ हुई यह यात्रा सिर्फ शासन परिवर्तन की नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था को नई सोच और कार्यसंस्कृति देने की रही है। ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के मूल मंत्र के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र के नव निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है।

राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर भारत का उभार

सीएम धामी ने कहा कि आज भारत G20, QUAD और BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। पहले जहां देश बड़े शहरों में आतंकी हमलों से जूझता था, वहीं अब उरी, पुलवामा और हाल ही में पहलगाम हमले का मुँहतोड़ जवाब दिया गया है – जिससे भारत की सुरक्षा नीति और सैन्य आत्मनिर्भरता का स्पष्ट प्रमाण मिलता है।

आत्मनिर्भर भारत की ओर तेज़ कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों ने देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया है। भारत अब 85 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और ऐतिहासिक फैसले

सीएम धामी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व इन्फ्रास्ट्रक्चर क्रांति देखी है – एक्सप्रेसवे, हाईस्पीड ट्रेनें, नए संसद भवन, भारत मंडपम, पीएम संग्रहालय, श्रीराम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 की समाप्ति और ट्रिपल तलाक जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को नई दिशा दी है।

उत्तराखंड में बह रही है विकास की गंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी अभूतपूर्व विकास हो रहा है – दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, ऑल वेदर रोड, केदारनाथ-बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी योजनाएं इसका प्रमाण हैं।

इस वर्चुअल कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, सभी सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष व पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *