Wed. Feb 4th, 2026

टोंस नदी हादसा,: उत्तराखंड सरकार और यूपी सरकार ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

देहरादून : जिले में टोंस नदी पार करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। तेज धारा में बहकर मुरादाबाद जिले की बिलारी तहसील के मुढ़िया जैन गांव के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य अब भी लापता हैं। मृतकों की पहचान फरमान, सोमवती, रीना, हरचरण, नरेश और मदन के रूप में हुई है। वहीं, लापता लोगों में हरिओम, राजकुमार, किरण और सुंदरी शामिल हैं।

अपर जिलाधिकारी (वित्त) ममता मालवीय ने बताया कि हादसा विकासनगर क्षेत्र में हुआ, जब लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से नदी पार कर रहे थे। घटना के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के परिजनों को उत्तराखंड सरकार की ओर से आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और निर्देश दिए हैं कि सभी पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाए जाएं।

योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर शोक संदेश में कहा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। ठाकुरद्वारा तहसील की उप जिलाधिकारी प्रीति सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *