Fri. Jul 10th, 2026

मूसलाधार बारिश की चेतावनी: 115 सड़कें बंद, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी

देहरादून: उत्तराखंड में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने एक बार फिर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने इन सातों जिलों के प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने और हालात पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे प्रदेशभर में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। पर्वतीय क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिन सात जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका जताई गई है, जबकि शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार विभिन्न स्थानों पर मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 115 सड़कें बंद हो गई हैं। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोल्डर गिरने से यातायात बाधित है। इसके अलावा पिथौरागढ़ के 12 ग्रामीण मार्ग भी बंद पड़े हैं।

देहरादून में एक राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण सड़कें, अल्मोड़ा में 13 ग्रामीण मार्ग, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, रुद्रप्रयाग में तीन, उत्तरकाशी और बागेश्वर में चार-चार तथा टिहरी में एक राज्य मार्ग और 13 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक असर पौड़ी जिले में देखने को मिला है, जहां कुल 31 सड़कें बंद हैं। इनमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य मार्ग और 28 ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

भारी बारिश के मद्देनजर कई जिलों में एहतियातन स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *