Sun. Apr 19th, 2026

ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, तड़प-तड़पकर खत्म हुई दो जिंदगियां

बरेली : फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब ट्रैक्टर पलटने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों खेत में गन्ने की बोवाई करने जा रहे थे कि अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर चकरोड से नीचे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रैक्टर दोनों के ऊपर पलट गया, जिससे वे नीचे दब गए और काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची। सुनसान रास्ता होने के कारण दोनों वहीं तड़पते रहे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गांव पट्टी के मूल निवासी और फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के मोहल्ला अंसारी में रहने वाले 55 वर्षीय नंदप्रकाश और उनके 22 वर्षीय पुत्र सुमित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े दस बजे वे ट्रैक्टर में हैरो लगाकर खेत की ओर निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।

काफी देर बाद गांव के धर्मपाल नामक व्यक्ति किसी काम से खेत की ओर गया तो उसने ट्रैक्टर पलटा देखा और गांव में जाकर सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दूसरे ट्रैक्टर की मदद से वाहन को सीधा किया, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *