Tue. Aug 25th, 2026

बारावफात और टपकेश्वर महादेव शोभायात्रा को लेकर बदली यातायात व्यवस्था

देहरादून : बुधवार को राजधानी में दो शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। बारावफात की शोभायात्रा सुबह आठ बजे से शुरू होगी, जबकि भगवान टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से निकलेगी। दोनों आयोजनों को देखते हुए पुलिस ने सुबह आठ बजे से टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा के समापन तक यातायात प्लान लागू किया है।

टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से शुरू होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर भेजा जाएगा। प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन से आने वाले वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा।

शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पहले बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस की ओर और लक्ष्मण चौक से आने वाले यातायात को पार्क रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर से चकराता रोड जाने वाले वाहनों को दिलाराम चौक की ओर से निकाला जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले यातायात को किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट होते हुए दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर और चकराता रोड की ओर भारी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।

शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस पहुंचने पर वाटिका तिराहा से आने वाले यातायात को आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड पार करने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

यातायात व्यवस्था के लिए लालपुल, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर पर बैरियर लगाए जाएंगे।

बारावफात की शोभायात्रा के दौरान भी यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात डायवर्ट करेगी। प्रिंस चौक से द्रोण कट की ओर जाने वाले यातायात को आंशिक रूप से चंदननगर कट होते हुए दून चौक की ओर भेजा जाएगा, जबकि तहसील चौक से प्रिंस चौक जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *