Wed. Jun 3rd, 2026

दिल्ली में दर्दनाक हादसा, आग की चपेट में आया रेस्तरां, 21 की गई जान

दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक रेस्तरां-होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 अन्य घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के समय इमारत में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक चरण में दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन और अन्य अग्निशमन इकाइयों को तैनात किया गया। बाद में दमकल की कुल 10 गाड़ियां आग बुझाने और बचाव कार्य में जुटीं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के दौरान इमारत के बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कुल 37 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में सोमालिया समेत कुछ अन्य अफ्रीकी देशों के नागरिक भी शामिल हो सकते हैं। घायलों का इलाज साकेत स्थित मैक्स अस्पताल और मोदी अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि इमारत में कई विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे।

हादसे के दौरान लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने इमारत के नीचे रजाइयां बिछाईं। कई लोगों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगाई, जिससे वे घायल हो गए। अग्निशमन अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि सुबह 8:50 बजे कॉल मिलने के बाद तत्काल दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं और पूरे भवन की तलाशी ली गई। उन्होंने कहा कि 37 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

आप नेता और पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने बताया कि हौज रानी क्षेत्र की एक बहुमंजिला इमारत में सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी। उन्होंने आशंका जताई कि इमारत में बड़ी संख्या में दक्षिण अफ्रीकी नागरिक भी मौजूद हो सकते थे।

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर में आग लगने की घटना अत्यंत दुखद है और मृतकों के परिजनों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, कैट्स एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रही है तथा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि सुबह 8:51 बजे हुई इस घटना के बाद दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन, पुलिस और बीएसईएस की टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। बिजली आपूर्ति काटी गई और बचाव अभियान चलाकर कुल 47 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने बताया कि सात से आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज कराने आने वाले विदेशी नागरिकों के कारण आसपास कई होटल और गेस्ट हाउस संचालित होते हैं। जिस रेस्तरां-होटल में आग लगी, वहां भी कई विदेशी नागरिक ठहरे हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि भवन को केवल छह कमरों की अनुमति मिली थी, जबकि उसमें कथित रूप से अवैध रूप से 25 कमरे बनाए गए थे। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *