Wed. Jun 10th, 2026

उरी में दर्दनाक हादसा: हैंड ग्रेनेड विस्फोट में सेना के दो जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर : बारामूला जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के उरी सेक्टर में उपकरणों के रख-रखाव के दौरान दुर्घटनावश एक हैंड ग्रेनेड फट गया। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने घटना की पुष्टि की है।

सैन्य अधिकारियों के अनुसार यह हादसा उरी सेक्टर के कमलकोट स्थित सेना के एक शिविर में हुआ, जहां सैन्य उपकरणों और हथियारों के नियमित हस्तांतरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आकर ड्यूटी पर तैनात दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

विस्फोट के बाद शिविर में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। साथी जवानों और अधिकारियों ने दोनों घायलों को तुरंत सेना के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और दोनों जवानों को मृत घोषित कर दिया गया।

सैन्य और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सेना की ओर से आंतरिक जांच भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *