Sun. Apr 19th, 2026

दर्दनाक सड़क हादसा, चालक समेत दो की मौके पर मौत

देहरादून : टिहरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। यह हादसा चारगांव मार्ग पर उस समय हुआ जब एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना की मुख्य वजह वाहन का ब्रेक फेल होना बताई जा रही है।

घटना टिहरी के लंबगांव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम क्यारी के पास की है। बताया जा रहा है कि डंपर माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वाहन क्यारी गांव के ऊपर स्थित मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ रहा था, तभी अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन डंपर तेजी से अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि डंपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डंपर को सूरज राठौड़ (44), निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) चला रहा था। उसके साथ गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36), निवासी ग्राम रौणिया भी मौजूद था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह के हादसे अक्सर होते रहते हैं, जिनकी मुख्य वजह खराब सड़कें और वाहनों की तकनीकी खामियां होती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *