Sun. May 3rd, 2026

अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर ट्रक के नीचे घुसी, तीन की मौत

हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र में कल देर रात हरियाणा से हरिद्वार आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक से टकरा गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसा इतना खतरनाक था कि कार में बैठे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया जहां पर डाक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।

जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना रविवार देर रात की है,जब हरियाणा के रेवाड़ी से विनय कुमार, हेमंत यादव, रोहित और दीपक कार से हरिद्वार आ रहे थे। बदराबाद थाना क्षेत्र में पहुंचते ही रघुनाथ मॉल के पीछे हाइवे पर कार की रफ्तार तेज होने के कारण घुमाव पर डिवाइडर से टकरा गई।

इसके बाद हाईवे पर ट्रक से टकरा गई और ट्रक के अंदर जा घुसी। जिससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया । दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया जिसे पुलिस ने किसी तरह खुलवाया और स्थिति को सामान्य किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। जबकि घायल का उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *