Sun. Jun 28th, 2026

गोला नदी की तबाही से ग्रामीणों को भारी दिक्कतें,कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से मौके पर मांगा रिपोर्ट कार्ड

लालकुआं/नैनीताल /देहरादून : कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नैनीताल जनपद के लालकुआं तहसील के बिंदुखत्ता गांव और रावनगर प्रथम में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नुकसान का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पिछले दिनों गोला नदी में आई बाढ़ से बिंदुखत्ता के इंदिरा नगर और रावनगर प्रथम गांव में भारी तबाही हुई थी। पानी के तेज बहाव से सुरक्षा दीवार ढह गई और कई मकान बाढ़ की चपेट में आकर नष्ट हो गए। साथ ही कृषि भूमि का भी बड़ा हिस्सा बह गया। स्थिति की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री रविवार दोपहर को मौके पर पहुंचीं और ग्रामवासियों से उनके नुकसान के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से राहत एवं पुनर्निर्माण से जुड़ी कार्यवाही की जानकारी मांगी। रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि सुरक्षा दीवार का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए और उसकी गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए कि भविष्य में बाढ़ जैसी स्थिति में नुकसान न झेलना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों को तत्काल मदद मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *